उधवा। उधवा प्रखंड की मध्य पियारपुर पंचायत के मस्जिद टोला वार्ड नंबर-08 में जर्जर हो चुके एलटी कवर तार को बदलवाने की मांग को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, राजमहल को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने आवेदन की प्रतिलिपि विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, साहिबगंज के अलावा क्षेत्रीय विधायक एवं सांसद को भी भेजी है। ग्रामीणों के अनुसार, मस्जिद टोला में लगे ट्रांसफार्मर से निकलने वाला एलटी कवर तार लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। तार की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि उसके कभी भी टूटकर जमीन पर गिरने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि जर्जर तार के कारण शॉर्ट सर्किट अथवा आग लगने जैसी घटना हो सकती है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है। बताया गया कि बीते 21 जुलाई को हुसैन अली, नईम शेख, अहमद शेख आलम, रेजाउल शेख, अफजल शेख समेत अन्य ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित आवेदन विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, राजमहल को सौंपकर समस्या से अवगत कराया था। ग्रामीणों ने विभाग से जनहित में जर्जर पुराने तार को तत्काल हटाकर उसके स्थान पर नया कवर तार लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते तार नहीं बदला गया तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्या कहते हैं विद्युत विभाग के अधिकारी:
विद्युत कनीय अभियंता, उधवा चंदन कुमार ने बताया कि जर्जर तार को बदलने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि भविष्य में तार के कारण किसी प्रकार की जान-माल की हानि न हो।



