ऑनलाइन में देरी से परेशान लोगों को मिली राहत, कर्मियों की कमी बनी बड़ी चुनौती
उधवा। ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जारी होने में हो रही देरी के बीच विभागीय मंत्री के निर्देश पर अब अंचल स्तर पर ऑफलाइन प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। व्यवस्था शुरू होते ही सोमवार को उधवा अंचल कार्यालय परिसर में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से कार्यालय परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने आवश्यक दस्तावेज लेकर घंटों कतार में खड़े रहे। कई लोग आवेदन जमा करने और दस्तावेजों की जांच के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। ऑनलाइन माध्यम से प्रमाण पत्र जारी होने में लगातार हो रही देरी के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में ऑफलाइन व्यवस्था शुरू होने से अब लोगों को जल्द प्रमाण पत्र मिलने की उम्मीद जगी है।
एसआईआर नोटिस पाने वालों को प्रमाण पत्र की जरूरत :
बताया जा रहा है कि विशेष रूप से एसआईआर प्रक्रिया के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को दस्तावेजी सत्यापन के दौरान जाति एवं निवास से संबंधित प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ रही है। प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को लेकर लोगों के सामने आ रही परेशानी को देखते हुए ऑफलाइन माध्यम से प्रमाण पत्र निर्गत करने की व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कर्मियों की कमी से काम की रफ्तार धीमी :
हालांकि, ऑफलाइन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अंचल कार्यालय में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की उपलब्धता नहीं होने के कारण आवेदनों के निष्पादन की रफ्तार धीमी बनी हुई है। सीमित संख्या में कर्मचारियों पर बड़ी संख्या में आवेदनों का दबाव होने से दस्तावेजों की जांच, सत्यापन और प्रमाण पत्र निर्गत करने में समय लग रहा है। सोमवार को भी भारी भीड़ के बीच कर्मचारियों को आवेदनों की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, कई आवेदक घंटों इंतजार के बाद अपनी बारी आने की प्रतीक्षा करते रहे।



