घरों में घुसा बाढ़ का पानी, मचान के सहारे गुजर रही जिंदगी, नाव से पहुंचकर मुखिया ने बांटी राहत सामग्री
उधवा। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से उधवा प्रखंड के दियारा क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही गंगा का कटाव भी लगातार जारी है। दियारा क्षेत्र के निचले इलाकों में बसे कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बाढ़ के पानी से कई घर जलमग्न हो गए हैं। ऐसे में प्रभावित परिवार मचान बनाकर किसी तरह अपना जीवन गुजारने को मजबूर हैं, जबकि कई परिवार सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं। बाढ़ का असर सिर्फ लोगों के जनजीवन पर ही नहीं, बल्कि मवेशियों पर भी पड़ रहा है। जलजमाव के कारण मवेशियों के लिए चारा की व्यवस्था करना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इसी बीच दक्षिण पलाशगाछी पंचायत के बानुटोला चुआर में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए पंचायत की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया। मुखिया ने बाढ़ प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा लिया और जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों के बीच आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। राहत सामग्री मिलने के बाद बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने संकट की इस घड़ी में मदद पहुंचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधि के प्रति आभार जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे जलस्तर और कटाव के कारण आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन एवं पंचायत स्तर से राहत और बचाव कार्य को और तेज किए जाने की जरूरत है।




