सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल विक्रम ने उपायुक्त और कार्यपालक अभियंता को लिखा पत्र, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का लगाया आरोप
बोरियो/साहिबगंज: बोरियो प्रखंड के बालीडीह में निर्माणाधीन डिग्री महाविद्यालय भवन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बोरियो बाजार निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल विक्रम ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता, साहिबगंज प्रमंडल एवं उपायुक्त साहिबगंज को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर जांच की मांग की है।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर जताया संदेह
कुणाल विक्रम ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन भवन में गुणवत्ताहीन सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके अनुसार, भवन निर्माण में उपयोग किए जा रहे सरिया की गुणवत्ता प्राक्कलन में निर्धारित मानक ब्रांड और ग्रेड के अनुरूप नहीं है तथा स्थानीय कंपनी के सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सीमेंट की गुणवत्ता पर भी संदेह जताते हुए प्रयोगशाला में जांच कराने की मांग की है।
संवेदक पर कार्रवाई की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि भवन की सेंट्रिंग में लोहे के स्लैब के स्थान पर लकड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।



