आकस्मिक शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना
साहिबगंज। झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, जिला इकाई साहिबगंज की ओर से सोमवार को एनआरपी सेंटर परिसर में आकस्मिक शोकसभा आयोजित कर झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित सदस्यों ने उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक प्रो. कमल कुमार महावर, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार झा, जिला सचिव सत्यजीत कृष्णा समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
संगठन ने बताया कि जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों में भी दिवंगत मंत्री के सम्मान में शोकसभाएं आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगठन ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।



