सुजीत मंडल हत्याकांड का मुख्य आरोपी समाउन शेख पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ढेर हो गया. गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश में आरोपी मारा गया.
फरक्का : मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता सुजीत मंडल हत्याकांड के फरार आरोपी समाउन शेख की पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि मंगलवार को सीआइडी की टीम ने उसे गिरफ्तार करने के बाद घटनास्थल पर जांच के लिए ले गयी थी. इसी दौरान आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया. आरोपी की मौत के बाद परिजनों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाये हैं.
लेनदेन का प्रलोभन देकर फरक्का बुलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, गत 28 अगस्त को फरक्का थाना क्षेत्र के मामरेजपुर निवासी समाउन शेख और तजकेरा बीबी पर लेनदेन का प्रलोभन देकर सुजीत मंडल को फरक्का बुलाने और उसकी हत्या कर शव के टुकड़े कर फीडर कैनाल में फेंकने का आरोप लगा था. तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने शव के कुछ अंग बरामद किये थे.
तजकेरा बीबी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी चल रहा था फरार
मामले में पुलिस ने तजकेरा बीबी को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल जंगीपुर जेल में बंद है. वहीं, मुख्य आरोपी समाउन शेख फरार चल रहा था. आरोपी को पकड़ने में कथित लापरवाही को लेकर तत्कालीन फरक्का आईसी सुजीत घोष, एसडीपीओ शेख शमशुद्दीन समेत तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया गया था. बाद में राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआइडी को सौंप दी थी.
जांच के लिए घटनास्थल पर ले गयी थी सीआइडी टीम
सीआइडी ने अनुसंधान तेज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था. इसके बाद उसे घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान आरोपी ने पुलिस की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.



