उधवा। 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र उधवा में आवश्यक मेंटेनेंस कार्य को लेकर गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसे लेकर बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य पहले ही निपटा लेने की अपील की है। कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत शक्ति उपकेंद्र उधवा में मेंटेनेंस कार्य के कारण 11 केवी कटहलबाड़ी, 11 केवी इंग्लिश एवं 11 केवी उधवा फीडर से जुड़े क्षेत्रों में गुरुवार की सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूर्णतः बाधित रहेगी।उन्होंने बताया कि इस दौरान उधवा बाजार, जंगलपाड़ा, फुदकीपुर, दरगाहडांगा, पियारपुर, पलाशगाछी, इंग्लिश, अमानत दियारा, पश्चिमी एवं पूर्वी उधवा, उत्तरी एवं दक्षिण सरफराजगंज, मनिहारी टोला, कटहलबाड़ी तथा आतापुर सहित संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग के अनुसार निर्धारित समय के दौरान विद्युत उपकेंद्र में आवश्यक रखरखाव एवं मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मेंटेनेंस अवधि को ध्यान में रखते हुए पानी की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग तथा बिजली से जुड़े अन्य आवश्यक कार्य पहले ही पूरा कर लें।



