तालझारी: प्रखंड मुख्यालय स्थित बुनियादी मध्य विद्यालय तालझारी में कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जनजाति के बच्चों के लिए छात्रावास निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए विद्यालय परिसर के जर्जर भवन को तोड़ने की अनुमति ली गई है। प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि ठेकेदार निर्धारित जर्जर भवन के साथ सुरक्षित भवन के हिस्से को भी तोड़ रहा है। इससे भविष्य में कक्षाओं की कमी और पठन-पाठन प्रभावित होने की आशंका है। प्रधानाचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि ध्वस्त भवन से निकले छड़-लोहा को बिना सूचना जेसीबी कर्मियों द्वारा ले जाया जा रहा है। वहीं परिसर के पुराने कुएं को भी भवन की ईंटों से बंद कराया गया है। मामले की जानकारी बीईईओ को दी गई है। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रधानाचार्य ने विभागीय जांच और सामग्री का नियमानुसार हिसाब रखने की मांग की है।



