अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, पूजा पंडालों में सुरक्षा बढ़ाने और गश्ती तेज करने का आदेश
साहिबगंज। पुलिस लाइन परिसर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शनिवार को एसपी अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, मानव तस्करी, आईटी सेल की कार्यप्रणाली तथा आगामी दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर समीक्षा की गई। एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
शांति समिति की बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने और लोगों से आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और पुलिस गश्ती तेज करने पर जोर दिया गया। पूजा समितियों से स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी करने तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही गाजे बाजे। का उपयोग करने की अपील की गई। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों को नोटिस देकर आवश्यक निर्देश देने को भी कहा गया।
साइबर अपराध और मानव तस्करी पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश
एसपी ने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने साइबर अपराध, मानव तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के साथ केस डायरी एवं पुलिस डायरी को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। थानों में फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, एसडीपीओ सदर सुशील कुमार सिंह, एसडीपीओ राजमहल विमलेश कुमार त्रिपाठी, एसडीपीओ बरहड़वा नितिन खंडेलवाल, इंस्पेक्टर, सभी थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी, एससी-एसटी थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।



