साहिबगंज कॉलेज में हुआ कार्यक्रम, एनसीसी-एनएसएस समेत छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, कईयों को किया गया सम्मानित
साहिबगंज। संवाददाता। देशभर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को साहिबगंज महाविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल संस्कृति अपनाने, फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने और नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित युवाओं ने सुना।
साहिबगंज महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। इसमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड के कैडेट्स के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं को खेलों से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
29 स्थानों में आयोजित हुआ कार्यक्रम:

बताया गया कि झारखंड के करीब 29 स्थानों पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें साहिबगंज महाविद्यालय का भी चयन किया गया था। लाइव संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेल के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले कैडेट सम्मानित:
कार्यक्रम के दौरान खेल एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित किया गया। साहिबगंज के एनसीसी कैडेट प्रेमानंद हासदा एवं प्रिंस कुमार सिंह, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल की हैं, को मंच पर सम्मानित किया गया।
खेल, फिटनेस और नशामुक्ति से गांव से ग्लोबल तक बढ़ें युवा: प्राचार्य :
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को गांव से ग्लोबल स्तर तक अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के कई गुणमंत्र दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए और फिटनेस को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि प्रतिभा को निखारकर बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर भी देता है। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही दिशा में उपयोग कर सकते हैं। नियमित खेल और बेहतर फिटनेस के जरिए युवा विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित होकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं तथा अपना नाम और मुकाम हासिल कर सकते हैं।
मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं, एनसीसी एवं एनएसएस सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



