सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर चर्चा, सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर
बरहेट/साहिबगंज। दुर्गापूजा को लेकर बुधवार को बरहेट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक बीडीओ अंशु कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर चर्चा की गई। पूजा समितियों के सदस्यों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई।
बरहेट बाजार में पूजा के दौरान यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने के लिए चिन्हित स्थानों पर बेरिकेडिंग लगाने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं पूजा समितियों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में प्रमुख वर्नाड मरांडी, पुलिस निरीक्षक नुनु देव राय समेत पुलिस पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।



