नक्शा विचलन मामले में टाटा स्टील ने P&M मॉल पर बड़ी कार्रवाई की है. मॉल का पिछला गेट सील कर दिया गया है और जमीन की मापी शुरू हो गई है. बकाया भुगतान के लिए नोटिस भी जारी किया गया.
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित पीएंडएम मॉल पर नक्शा विचलन मामले को लेकर टाटा स्टील ने कार्रवाई शुरू कर दी है. शुक्रवार को मॉल परिसर में जमीन की मापी और उसके वास्तविक क्षेत्रफल की जांच की गयी. टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारी मौके पर पहुंचे. इसी दौरान मॉल के पिछले गेट को सील कर दिया गया. ज्ञात हो कि एक अक्तूबर काे टाटा स्टील ने मॉल प्रबंधन को नोटिस भी जारी किया था. इसमें पीएंडएम हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड को 2 करोड़ 23 लाख 86 हजार रुपये के बकाये का भुगतान करने के लिए 15 दिनों का समय दिया था.
जमीन की मापी के बीच पिछला गेट सील

शुक्रवार को टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट के अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों की टीम ने मॉल परिसर में जमीन की लंबाई-चौड़ाई और क्षेत्रफल की जांच शुरू की. इस कार्रवाई के दौरान मॉल के पिछले गेट को भी सील कर दिया गया. बताया जा रहा है कि यह गेट निक्को पार्क की ओर खुलता है और नक्शे में इसका प्रावधान नहीं था.
पत्र में कही गयी है ये बात
टाटा स्टील के चीफ लैंड मैनेजमेंट आनंद कुमार की ओर से एक अक्तूबर 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2008-09 से 2014-15 तक के लीज रेंट और लागू 25 प्रतिशत रोड सेस के मद में यह राशि बकाया है. कंपनी ने इससे पहले भी भुगतान को लेकर पत्राचार किया था. टाटा स्टील ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल अन्य लागू सेस, जो लीज रेंट का 120 प्रतिशत है, उसके संबंध में कोई मांग नहीं उठायी गयी है, क्योंकि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है.



