पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, खेल से स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास का दिया संदेश
साहिबगंज। संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर शुक्रवार को साहिबगंज कॉलेज में खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न खेल गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। पहले दिन विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
प्राचार्य ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रो. सामी विक्टर मरांडी, डॉ. रूपा दास, डॉ. अनु सुमन बाड़ा, डॉ. संतोष कुमार चौधरी, डॉ. अक्षय कुमार वर्मा सहित शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे। खेल पदाधिकारी प्रदीप कुजूर ने प्रतियोगिताओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त उमाशंकर सिंह एवं मैच रेफरी मुकेश कुमार ने भी सहयोग किया। अतिथियों एवं विद्यार्थियों की मौजूदगी में कॉलेज परिसर खेल उत्साह से सराबोर रहा।



