साहिबगंज। संवाददाता। रक्षाबंधन एवं श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार की शाम साहिबगंज के मुक्तेश्वर धाम स्थित सीढ़ी घाट, गंगा तट पर मां गंगा सेवा समिति की ओर से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। पंडित धनेश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का विधिवत पूजन कराया और आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान पूरा गंगा तट हर-हर गंगे, जय मां गंगे और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से मां गंगा की आराधना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय, आभाष ओझा, संदीप अवस्थी, अरविंद सिंह, सिद्धार्थ कुमार, रोहित कुमार, मन्नू शर्मा, सन्नी यादव, कन्हैया रजक, राज कुमार राम, आकाश कुमार एवं रविंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रक्षाबंधन पर मुक्तेश्वर धाम घाट में हुई मां गंगा की भव्य आरती
Leave a comment



