पत्थर से सिर के पिछले हिस्से पर वार करने का आरोप, राजमहल एसडीपीओ ने दी मामले की जानकारी
तालझारी/साहिबगंज। तालझारी थाना क्षेत्र के मेहंदी पोखर गांव में युवक मिटुन पहाड़िया की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारना हांसदा (19), बेटका किस्कू (लगभग 19) और वीरधन सोरेन (लगभग 19) के रूप में हुई है। तीनों इसी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीते 28 अक्टूबर को तालझारी थाना पुलिस को मेहंदी पोखर गांव में मिटुन पहाड़िया की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विवाद के दौरान मारपीट, पत्थर से वार करने का आरोप :
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान पता चला कि घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इसी दौरान आरोप है कि वारना हांसदा ने पत्थर से मिटुन पहाड़िया के सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार प्रहार किया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी सोनी मालतो के लिखित आवेदन पर तालझारी थाना कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया।
तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया :
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



