नए मतदाताओं के पंजीकरण और नाम-पते में सुधार के लिए लिए गए आवेदन
बोरियो/साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार, 10 अक्टूबर को बोरियो प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा कैंप लगाया गया। निर्वाचन शाखा की ओर से आयोजित शिविर में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और दर्ज विवरणों में सुधार के लिए आवेदन लिए गए।
शिविर में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। नए मतदाताओं से फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के आवेदन लिए गए। वहीं, पहले से पंजीकृत मतदाताओं को नाम, जन्मतिथि और पते सहित अन्य विवरणों में त्रुटि सुधारने की जानकारी दी गई।
निर्वाचन कर्मियों ने आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना तथा सभी पात्र नागरिकों को मताधिकार का अवसर सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने मतदाताओं से सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की।



