साहिबगंज। संवाददाता। साहिबगंज सदर प्रखंड झामुमो कमेटी की बैठक प्रखंड अध्यक्ष अमरदीप सिंह के आवासीय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, केंद्रीय समिति सदस्य सह जिला उपाध्यक्ष संजीव शामू हेंब्रम एवं केंद्रीय समिति सदस्य संजय मिश्रा सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि इससे राज्य की मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधेयक के विरोध में बूथ स्तर तक जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की।
सभी प्रखंडों में होगा धरना-प्रदर्शन:
केंद्रीय समिति सदस्य संजीव शामू हेंब्रम और संजय मिश्रा ने कहा कि झामुमो विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को साहिबगंज जिले के सभी प्रखंडों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क कर लोगों को पार्टी के रुख की जानकारी देने और धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में प्रखंड सचिव समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



