बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई, 230 कैन लावारिस हालत में जब्त
बरहरवा। संवाददाता। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस से 115 लीटर बीयर बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 25,300 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार सीआईबी मालदा के एसआई नंदन कुमार सिंह, एचसी नूपुर बरन मिड्या तथा आरपीएफ बरहरवा पोस्ट के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, एएसआई सुरेश पासवान और हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार की टीम ट्रेन की जांच कर रही थी। इसी दौरान द्वितीय अंतिम जीएस कोच संख्या ईआर-132454 के वेस्टिब्यूल में छह प्लास्टिक बोरे और दो कार्टून संदिग्ध हालत में मिले।
केले और कश्मीर एप्पल के कार्टून में छिपाए थे बीयर के कैन:
तलाशी लेने पर बोरों में रखे केले के बीच और ‘कश्मीर एपल’ लिखे कार्टूनों से हैवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर के कुल 230 कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन 500 एमएल का था। टीम ने यात्रियों से सामान के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी सामान पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद बरामद बीयर को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर लाया गया और लावारिस सामान के रूप में जब्त कर लिया गया। बरामदगी की सूचना साहिबगंज उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर को दे दी गई है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



