बोरियो में प्रखंड कमेटी की बैठक, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक अभियान चलाने का निर्देश
बोरियो। संवाददाता। झामुमो प्रखंड कमेटी की बैठक मंगलवार को बोरियो प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विधायक धनंजय सोरेन, झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, केंद्रीय समिति सदस्य संजय मिश्रा एवं केंद्रीय समिति सदस्य सह पर्यवेक्षक मुजीबुर रहमान शामिल हुए। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर असर का जताया दावा:
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक धनंजय सोरेन और जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन विधेयक को झारखंड के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने दावा किया कि विधेयक के प्रावधानों से राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को विधेयक के प्रावधानों और पार्टी के रुख की जानकारी दें। साथ ही मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना सहित अन्य योजनाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
सभी प्रखंडों में होगा एक दिवसीय धरना:
बैठक में निर्णय की जानकारी देते हुए नेताओं ने बताया कि 7 सितंबर को साहिबगंज जिले के सभी प्रखंडों में झामुमो की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष स्टीफन मुर्मू, प्रखंड सचिव गफ्फार अंसारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य रिजवान अंसारी, मो. एजाज अंसारी, नीताय मंडल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



