झारखंड में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का खास मौका! 10 अक्टूबर को मेगा हेल्प डेस्क पर पहुंचें और पाएं तुरंत समाधान। कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं।
रांची : एसआईआर (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र भारतीय नागरिकों तक पहुंचने के लिए निर्वाचन विभाग राज्यभर में विशेष अभियान चलाएगा. इसके तहत 10 अक्तूबर को झारखंड के सभी मतदान केंद्रों (बूथों) पर ‘मेगा हेल्प डेस्क’ का आयोजन किया जाएगा. वहीं, 12 से 16 अक्तूबर तक राज्यभर में विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.लंबित मामलों और अनॉमैली को दूर करने का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने गुरुवार को सभी जिलों के जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारियों, समाज कल्याण पदाधिकारियों और उप निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि एसआईआर से जुड़े लंबित मामलों, ‘नो मैपिंग’ और अनॉमैली (त्रुटियों) से जुड़े मामलों का तुरंत निष्पादन करें. उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि ऐसे सभी पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी और तकनीकी सहायता हर हाल में उपलब्ध कराई जाए.
BLA-2 की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील
इसके साथ ही सीईओ ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की. उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि 10 अक्तूबर को आयोजित होने वाले मेगा हेल्प डेस्क में अपने बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराएं. उन्होंने कहा कि BLA-2 अपने-अपने क्षेत्रों के उन मतदाताओं की समस्याओं को बीएलओ (BLO) और संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखें, जिन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या एसआईआर से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में सहायता की आवश्यकता है.



