APK File Scamः जामताड़ा साइबर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी एपीके फाइल भेजकर बैंक और गैस उपभोक्ताओं को ठगी का शिकार बनाते थे, जिनसे 2.20 लाख रुपये नकद और कई उपकरण बरामद हुए।
जामताड़ा। Jamtara APK File Scamः साइबर थाना पुलिस ने शुक्रवार को जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के पास से 13 मोबाइल, 13 सिम कार्ड, आठ एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह जानकारी एसपी शम्भू कुमार सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि
साइबर अपराध डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधानी गांव में मनीष कुमार मंडल के घर छापेमारी की।
यहां से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में सिद्धार्थ दत्त के घर पर छापेमारी की गई, जहां से तीन साइबर अपराधियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपितों में नारायणपुर थाना क्षेत्र के लटैया गांव निवासी 22 वर्षीय विकास मंडल, सोनबाद निवासी 20 वर्षीय देव दत्त, 19 वर्षीय जयदेव साहनी और 34 वर्षीय सिद्धार्थ दत्त शामिल हैं।
एपीके फाइल भेजकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपित हरियाणा सिटी और अडानी गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट कराने के नाम पर मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे।
उपभोक्ता से फाइल इंस्टाल करवाने के बाद मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। इसी तरह यूको बैंक सहित अन्य बैंकों के ग्राहकों को झांसे में लेकर मोबाइल पर एपीके फाइल डाउनलोड कराई जाती थी और इसके माध्यम से बैंकिंग व अन्य गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 59/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में साइबर अपराध थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अनिल अभिषेक, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।



