उधवा। ईद मिलादुन्नबी को लेकर उधवा प्रखंड क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांव-कस्बों के चौक-चौराहों से लेकर गलियों तक को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। विभिन्न डिजाइनों की लाइटों से पूरा इलाका उत्सवी माहौल में नजर आ रहा है।
26 अगस्त को निकाला जाएगा जुलूस
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर परंपरागत रूप से जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होंगे। बच्चे, युवा और बुजुर्ग जुलूस में शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को याद करेंगे और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेंगे।
अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश
ईद मिलादुन्नबी इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर मस्जिदों में नमाज अदा करने के साथ कुरान की तिलावत और विशेष जलसे का आयोजन किया जाता है। पैगंबर मोहम्मद की शिक्षाओं में अमन, भाईचारा, बराबरी, इंसाफ और इंसानियत के संदेश को प्रमुखता दी जाती है।
पर्व को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से सजावट और अन्य तैयारियां पूरी करने का काम तेजी से किया जा रहा है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। लोगों ने आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की है।



