रांची नगर निगम दुर्गा पूजा के दौरान 18 से 20 अक्टूबर तक श्रद्धालुओं के लिए रात्रिकालीन सिटी बस सेवा चलाएगा। यह सेवा छह प्रमुख मार्गों पर उपलब्ध होगी, साथ ही देर रात लौटने वाले लोगों के लिए 11 निःशुल्क आश्रयगृह भी उपलब्ध रहेंगे।
रांची। दुर्गा पूजा में रात में पंडालों में दर्शन करने के बाद घर लौटने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। रांची नगर निगम की ओर से 18 से 20 अक्टूबर तक छह प्रमुख मार्गों पर रात्रिकालीन सिटी बस सेवा का संचालन किया जाएगा।
प्रत्येक मार्ग पर दो सिटी बसें चलेंगी। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों का परिचालन रात 12 बजे के बाद भी जारी रह सकता है। इससे देर रात तक पूजा पंडालों में रहने वाले श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
छह प्रमुख मार्गों पर चलेंगी सिटी बसें
सिटी बसों का परिचालन शहर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ते हुए किया जाएगा। निर्धारित मार्गों में ओरमांझी चौक से बरियातू होते हुए ट्रैक्टर स्टैंड, कांके चौक से कांके रोड होते हुए जाकिर हुसैन पार्क, तुपुदाना चौक से बिरसा चौक और हिनू होते हुए होटल रेडिसन ब्लू चौक तथा धुर्वा गोलचक्कर से बिरसा चौक और हिनू होते हुए होटल रेडिसन ब्लू चौक शामिल हैं।
इसके अलावा धुर्वा गोलचक्कर से हरमू रोड, अरगोड़ा, कडरू, सुजाता चौक और मुंडा चौक होते हुए कांटाटोली चौक तथा रामपुर से नामकुम होते हुए कांटाटोली चौक तक सिटी बसें चलेंगी। इन मार्गों से शहर के प्रमुख इलाकों में आवागमन करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता
रात्रिकालीन सिटी बस सेवा में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य देर रात श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। पूजा के दौरान निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और लोगों की आवाजाही सुगम बनाने में भी यह व्यवस्था मददगार होगी।
नगर निगम के 11 आश्रयगृहों में निश्शुल्क ठहरने की सुविधा
देर रात घर लौटने में असमर्थ लोगों के लिए रांची नगर निगम के 11 आश्रयगृहों में निश्शुल्क ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध है। श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर इन आश्रयगृहों में रात गुजार सकते हैं। रात्रिकालीन सिटी बस सेवा और आश्रयगृहों की सुविधा से पूजा के दौरान लोगों को आवागमन के साथ ठहरने का विकल्प भी मिलेगा।



