मुंगेर। जिले में बच्चों के लापता होने की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पुलिस और अभिभावकों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। तीन दिनों अंदर दो बच्चों के लापता होने और चार माह पुराने एक मामले के फिर से जांच के दायरे में आने के बाद पुलिस इन घटनाओं के बीच संभावित कड़ी तलाशने में जुट गई है।
सबसे अहम सुराग लालदरवाजा से अगवा किए गए तीन वर्षीय अभिराज मामले से मिला है, जिसके तार पंजाब तक जुड़े हैं। पुलिस अब बच्चा चोरी के संभावित अंतरराज्यीय नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के लालदरवाजा निवासी विनोद यादव के तीन वर्षीय पुत्र अभिराज का अपहरण कर उसे पंजाब ले जाने की तैयारी की गई थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को भोजपुर से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पंजाब, बेगूसराय और मुंगेर के छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
13 वर्षीय बच्चे के लापता होने से बढ़ी चिंता
इसी बीच शामपुर थाना क्षेत्र से 12 अगस्त को 13 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। स्वजन ने शामपुर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस किशोर की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। वहीं, चार माह पूर्व छोटी केलाबाड़ी से लापता हुए चार वर्षीय बच्चे का मामला भी पुलिस ने फिर से खंगालना शुरू कर दिया है। जांच टीम पुराने साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और संदिग्ध गतिविधियों का मिलान कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं तीनों मामलों के पीछे एक ही गिरोह या नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पंजाब कनेक्शन सामने आने के बाद जांच का दायरा अंतरराज्यीय स्तर तक बढ़ा दिया गया है। पुलिस बेगूसराय, भोजपुर और पंजाब के बीच संदिग्ध संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल तीनों मामलों के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी संभावित बिंदुओं पर गहन जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि हर सुराग को जोड़कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
आरोपित फरार महिला भी गिरफ्तार
अभिराज अपहरण मामले में फरार चल रही नौलक्खा निवासी संगीता कुमारी को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है। उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा घटना के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी गहन जांच की जा रही है।
नौलक्खा के कुछ स्थानीय लोगों ने गिरफ्तार महिला को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का दावा है कि वह पहले भी कई लोगों को अपने जाल में फंसा चुकी है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं।
हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच केवल उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों, रिश्तों और आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।



