रेलवे बोर्ड ने चोपन और मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन (13341/13342) के परिचालन को मंजूरी दे दी है, जिसका ठहराव खलारी रेलवे स्टेशन पर भी होगा।
खलारी। खलारी और आसपास के रेल यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से नई एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे बोर्ड ने चोपन और मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इस ट्रेन का ठहराव खलारी रेलवे स्टेशन पर भी होगा।
रेलवे बोर्ड की ओर से 15 सितंबर 2026 को जारी पत्र में ट्रेन संख्या 13341/13342 चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस के परिचालन को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी गई है। पत्र के अनुसार 13341 चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस चोपन से सुबह 10.40 बजे रवाना होकर बरकाकाना सी केबिन से शाम 5.36 बजे और मधुपुर रात 11.30 बजे पहुंचेगी।
बरकाकाना सी केबिन सुबह 9.55 बजे पहुंचेगी
वापसी में 13342 मधुपुर-चोपन एक्सप्रेस मधुपुर से सुबह 4 बजे रवाना होकर बरकाकाना सी केबिन सुबह 9.55 बजे पहुंचेगी और चोपन शाम 5 बजे पहुंचेगी। चोपन से चलने वाली ट्रेन रविवार, सोमवार और बुधवार को तथा मधुपुर से चलने वाली ट्रेन सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को परिचालित होगी।
ट्रेन के वाणिज्यिक ठहराव वाले स्टेशनों में रेनुकूट, नगर ऊंटारी, रमना, गढ़वा, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, खलारी, पतरातू, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, बरही, कोडरमा, महेशपुर, नवाडीह, धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह शामिल हैं।
ट्रेन में कुल 20 एलएचबी के आधुनिक यात्री डिब्बे
ट्रेन में कुल 20 एलएचबी के आधुनिक यात्री रेल डिब्बे होंगे। इसके परिचालन से खलारी क्षेत्र के यात्रियों को चोपन, गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, टोरी, बरकाकाना के लिए एक अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं कोडरमा, गिरिडीह, मधुपुर के लिए नई रेल सुविधा उपलब्ध होगी।



