खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा, कई पंचायतों में तेज कटाव; डीसी ने सुरक्षित स्थान या राहत शिविर में जाने की अपील की
साहिबगंज। जिले में तीन दिनों तक लगातार घटने के बाद गुरुवार से गंगा के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तीन दिन पहले गंगा का जलस्तर 27.61 मीटर तक पहुंच गया था, जो घटकर नीचे आया था। गुरुवार को जलस्तर फिर बढ़कर 27.75 मीटर पहुंच गया। इससे गंगा किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
गंगा का खतरे का निशान 27.25 मीटर निर्धारित है। ऐसे में वर्तमान जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। जलस्तर बढ़ने के साथ जिले के कई इलाकों में गंगा कटाव भी तेज हो गया है।
सदर प्रखंड के कारगिल, दियारा, मखमलपुर, रामपुर, शोभनपुर और बियारा समेत कई क्षेत्रों में कटाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं राजमहल प्रखंड के गदाई देहरा में भी लगातार कटाव जारी है। उधवा प्रखंड के कानपुर समेत अन्य इलाकों में भी गंगा कटाव से ग्रामीण परेशान हैं।
जलस्तर बढ़ने का असर अब शहरी क्षेत्र के कुछ इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
दियारावासियों से सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने दियारावासियों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन की ओर से बनाए गए राहत शिविरों में शरण लें। प्रशासन की ओर से लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



