स्पेशल ट्रेनों के लगातार विलंब से यात्रियों की परेशानी बढ़ी. आनंद विहार और शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेनें 8 घंटे की देरी से चल रही हैं, वहीं नियमित ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है।
जमालपुर. पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के किऊल-जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर स्पेशल ट्रेनों के अनिश्चित विलंब से चलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. भीड़ कम करने और यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन इनकी भारी लेटलतीफी के कारण अब रेल यात्री स्पेशल की जगह नियमित ट्रेनों से यात्रा करने को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं. बुधवार को भी इस रेलखंड से गुजरने वाली कई स्पेशल और नियमित ट्रेनें घंटों विलंब से गुजरीं.
8 घंटे से अधिक लेट रहीं आनंद विहार और शकूरबस्ती स्पेशल
रेलवे द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनल से मालदा टाउन को जाने वाली 03436 डाउन स्पेशल फेयर पूजा स्पेशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 8 घंटे से भी अधिक लेट से चली. इस ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का समय शाम 16:13 बजे था, लेकिन यह शाम 16:30 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन भी नहीं पहुंच पाई थी. इसके मध्य रात्रि 12 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना है.
इसी प्रकार, शकूरबस्ती से मालदा टाउन जाने वाली 03440 डाउन स्पेशल फेयर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी 8 घंटे अनिश्चित लेट से चल रही थी. जमालपुर में इसका निर्धारित समय शाम 19:15 बजे है, परंतु यह ट्रेन भी शाम 17:30 बजे तक डीडीयू जंक्शन नहीं पहुंची थी. इसके तड़के सुबह 3:17 बजे तक जमालपुर पहुंचने का अनुमान जताया गया.
नियमित ट्रेनें भी प्रभावित, विक्रमशिला व इंटरसिटी भी चलीं लेट
स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ कई नियमित ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा. आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली 04062 डाउन स्पेशल फेयर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय (सुबह 11:02 बजे) से 3 घंटे 45 मिनट की देरी से दोपहर 14:47 (2:47) बजे जमालपुर पहुंची. वहीं, नियमित ट्रेनों में 12368 डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस लगभग डेढ़ घंटे की देरी से चली. भागलपुर से दानापुर जाने वाली 13401 अप इंटरसिटी एक्सप्रेस को भागलपुर से 1 घंटा 50 मिनट के लिए रीशेड्यूल किया गया था. इस कारण यह ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 6:33 बजे की बजाय 2 घंटे लेट होकर 8:37 बजे जमालपुर पहुंची. इसके अलावा, 15658 अप कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल भी डेढ़ घंटे विलंब से चली.



