तीनपहाड़ थाना प्रभारी से पंचायत प्रतिनिधियों ने की शिष्टाचार मुलाकात
तीनपहाड़। संवाददाता। सोमवार को तीनपहाड़ पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने तीनपहाड़ थाना पहुंचकर थाना प्रभारी गौरव भगत से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बुके भेंट कर थाना प्रभारी का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, आपसी सौहार्द और पंचायत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
शांति व्यवस्था और आम लोगों की समस्याओं पर हुई चर्चा:
जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
थाना प्रभारी गौरव भगत ने जनप्रतिनिधियों से पंचायत क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी के सहयोग से बेहतर कार्य किया जाएगा।
मौके पर तीनपहाड़ मुखिया प्रतिनिधि मनोज यादव, उपमुखिया चंदन श्रीवास्तव, वार्ड सदस्य दिनेश सिंह, मो. सनाउल्लाह अंसारी, बबल अंसारी, जुगल यादव सहित ग्रामीण अमरनाथ पंडित एवं अन्य लोग मौजूद रहे।



