झारखंड के रांची में गेतलसूद डैम पर 100 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट व्यावसायिक उत्पादन के लिए तैयार है. पहले चरण में 50 मेगावाट बिजली सिकिदिरी ग्रिड को भेजी जा रही है, जो रांची और आसपास के क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगी.
Solar Power Production: झारखंड में रांची के गेतलसूद डैम में बने 100 मेगावाट क्षमता वाले फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट से शनिवार (29 अगस्त 2026) से बिजली का व्यावसायिक उत्पादन सफलतापूर्वक शुरू हो गया है. पहले चरण में 50 मेगावाट बिजली का उत्पादन प्रारंभ कर इसे सिकिदिरी ग्रिड भेजा जा रहा है. उत्पादित बिजली की खरीद झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) द्वारा की जा रही है, जिससे अब रांची और आसपास के इलाकों में ‘जीरो पावर कट’ (निर्बाध बिजली आपूर्ति) का रास्ता साफ हो गया है.
132 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन चार्ज
झारखंड ऊर्जा संचरण निगम और जेबीवीएनएल के सहयोग से प्लांट के स्विच यार्ड स्थित 132 केवी डबल सर्किट गेतलसूद-ईरबा ट्रांसमिशन लाइन और 33 केवी केबल को चार्ज कर दिया गया है. सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ परियोजना अभियंता नवीन उरांव ने बताया कि मुख्य लाइनें चार्ज हो चुकी हैं और बाकी 50 मेगावाट क्षमता के लिए अंतिम चरण का कार्य जारी है, जिससे अगले सप्ताह से उत्पादन शुरू होने की पूरी संभावना है.
500 करोड़ की लागत से बना है मेगा प्लांट
लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से इस मेगा फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का निर्माण ‘सेकी’ द्वारा एलएंडटी के सहयोग से किया जा रहा है. यह प्लांट गेतलसूद डैम के कुल जलभाग के मात्र 8 प्रतिशत हिस्से में स्थापित किया गया है. सुरक्षा के दृष्टिकोण से सेकी ने स्थानीय मछुआरों और नौका चालकों से जलाशय क्षेत्र में बिछाये गये 33 केवी अंडरवाटर केबल से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की अपील की है.



