मांगें पूरी होने तक काम नहीं करने की चेतावनी, डीपीएम को सौंपा मांगपत्र
साहिबगंज। संवाददाता। मानदेय बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड राज्य आजीविका ऑल कैडर संघ के बैनर तले जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला कैडर कर्मियों ने मंगलवार को साहिबगंज सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में संकुल स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, स्वयं सहायता समूह और ग्राम संगठन स्तर की कैडर कर्मी कार्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठ गईं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि लंबे समय से वे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को धरातल तक पहुंचाने में भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उनके मानदेय और सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने मांगें पूरी होने तक काम नहीं करने की चेतावनी दी।
मानदेय बढ़ाने से लेकर बीमा व भविष्य निधि की मांग:

संघ की ओर से प्रखंड स्तरीय कैडर का मानदेय 26 हजार, संकुल स्तरीय कैडर का 20,800 रुपये तथा अन्य कैडर के लिए निर्धारित मानदेय बढ़ाने की मांग की गई। इसके साथ हर माह बैंक खाते में मानदेय भुगतान, कटौती बंद करने, प्रतिवर्ष 10 से 15 प्रतिशत मानदेय वृद्धि, यात्रा एवं संचार भत्ता, बीमा सुरक्षा और भविष्य निधि का लाभ देने की मांग भी रखी गई। प्रदर्शनकारियों ने जेएसएलपीएस की नियुक्तियों में 60 प्रतिशत आरक्षण, मोबाइल रिचार्ज के लिए प्रतिमाह 350 रुपये तथा अन्य सुविधाएं देने की मांग की। बैंक सखियों ने भी प्रतिदिन निर्धारित मानदेय, मोबाइल खर्च, ऋण वसूली और ऋण जोड़ने के लिए प्रोत्साहन राशि समेत समय पर भुगतान की मांग उठाई।
डीपीएम को सौंपा ज्ञापन, राज्य स्तर तक मांग पहुंचाने का आश्वासन:

धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक को मांगपत्र सौंपा। डीपीएम ने कहा कि मांगों को राज्य स्तर के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल जिले का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के कैडर से जुड़ा विषय है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपना केवाईसी पूरा कराने की अपील भी की।
मौके पर बबली कुमारी, शीला हेंब्रम, मीरा देवी, रवि बड़ा, रजनी देवी, गंगा मुनि कुमारी, रानी हांसदा, मंजू देवी, रीना देवी, सरिता कुमारी, प्रीति कुमारी, मेसी मालतो, मो. नासिर आलम सहित सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।



