—– 10 सूत्री मांगों को लेकर आदिम जनजाति समुदाय ने सौंपा मांग-पत्र
साहिबगंज: आदिम जनजाति समुदाय के अधिकार, सम्मान और विकास की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति, झारखंड के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में 2 नवंबर 1894 की अधिसूचना के आधार पर सौरिया कंट्री को पहाड़िया स्वायत्त परिषद घोषित करने की मांग उठाई गई। समिति ने राष्ट्रपति, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई संवैधानिक पदाधिकारियों के नाम उपायुक्त के माध्यम से मांग-पत्र सौंपा।
भाषा, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग
समिति ने मालतो एवं मावड़ो भाषाओं को क्षेत्रीय भाषा सूची में शामिल करने, सरकारी नौकरियों में दो प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने, महिलाओं को 2500 रुपये मासिक पेंशन देने तथा रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की। इसके अलावा पहाड़िया समुदाय को विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा में प्रतिनिधित्व देने, दामिन-ए-कोह की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा ऐतिहासिक पहाड़ियों में उत्खनन बंद करने की मांग भी उठाई।
समिति ने आदिम जनजातियों की समस्याओं के समाधान और संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने की अपील की। मौके पर देवेंद्र मालतो, बैजनाथ पहाड़िया, शिवचरण मालतो सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



