लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए साहिबगंज में मनाया काला दिवस
साहिबगंज। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार शनिवार को जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से काला दिवस मनाते हुए विरोध मार्च निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने किया। मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर गांधी चौक, चौक बाजार, स्टेशन चौक, एलसी रोड, सब्जी मंडी, ग्रीन होटल और कॉलेज रोड होते हुए पूर्वी रेलवे फाटक के पास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थल तक पहुंचा।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांह पर काली पट्टी बांधकर और काला गमछा धारण कर लोकतंत्र, संविधान तथा मताधिकार की रक्षा के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता और विपक्ष के मन में गंभीर सवाल हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में अंकुलचंद्र मिश्रा, मो. कलीमुद्दीन, बास्की यादव, अशोक दास, मृत्युंजय यादव, उमेश पांडे, राजेश सिंह, सद्दाम हुसैन और सरफराज आलम समेत प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।



