उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, सामाजिक-आर्थिक स्थिति के सटीक आकलन पर दिया जोर
साहिबगंज। जातीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग की ओर से मार्च निकालकर प्रदर्शन किया गया। मार्च का नेतृत्व जिला अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने किया। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुए मार्च में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और ओबीसी समाज के लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर ओबीसी की अलग पहचान और वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े दर्ज करने की मांग उठाई।
मार्च के बाद कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आगामी जातीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम का प्रावधान करने की मांग की गई।
प्रदेश सचिव अनिल कुमार ओझा ने कहा कि जातीय जनगणना से विभिन्न सामाजिक वर्गों की जनसंख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति के सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे। इससे पिछड़े वर्गों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उनकी जरूरतों के अनुरूप सरकारी योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।
जिला अध्यक्ष अजय कुमार यादव ने कहा कि ओबीसी की जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक स्थिति से जुड़े सटीक आंकड़े उपलब्ध होना जरूरी है। मौके पर अश्वनी कुमार आनंद, संजय कुमार प्रसाद, दीपक यादव, शिवकुमार यादव, वीरेंद्र यादव समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।



