उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के पियारपुर गांव के एक व्यक्ति के साथ मोबाइल चोरी के बाद साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी होने के कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए करीब 90 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।जानकारी के अनुसार, यूनुस अली बीते शुक्रवार को फुदकीपुर हटिया में खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उनकी जेब से मोबाइल चोरी हो गया। मोबाइल चोरी होने के बाद उन्होंने शनिवार को नया सिम लेकर अपने मोबाइल में फोन-पे सेवा दोबारा सक्रिय की। इसके बाद जब उन्होंने बैंक खाते की जांच की तो उनके होश उड़ गए। जांच में पता चला कि मोबाइल चोरी होने के बाद खाते से 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से करीब 90 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने संबंधित बैंक से संपर्क करने तथा मामले की शिकायत पुलिस से करने की तैयारी शुरू कर दी है। पीड़ित यूनुस अली द्वारा राधानगर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और राशि वापस दिलाने की मांग किए जाने की बात कही गई है।



