श्रीकुंड चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता
बरहरवा/साहिबगंज। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को श्रीकुंड चौक पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनीतिक दुर्भावना से प्राथमिकी दर्ज करने का आरोप:
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद केंद्र सरकार का पुतला दहन कर कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध किए गए कृत्य के लिए जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। मौके पर रंजीत टुडू, अशोक कुमार दास, अब्दुल कादिर, दिलदार आलम, रबीउल इस्लाम, भोलानाथ महतो, काजल, नेहाल अख्तर, मिथुन मंडल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।



