साहिबगंज: नगर परिषद साहिबगंज की ओर से संचालित ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत शनिवार को वार्ड नंबर 07 में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्ड पार्षद सुनीता सिंह और पूर्व वार्ड पार्षद जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में बच्चों के साथ स्थानीय लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला के दौरान लोगों को बताया गया कि रोजमर्रा की जिंदगी में साफ-सफाई का ध्यान रखकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। बच्चों को भी स्वच्छ आदतें अपनाने और आसपास का वातावरण साफ रखने की जानकारी दी गयी।
भोजन से पहले हाथ धोने की दी सलाह
कार्यक्रम में बच्चों को खाना खाने और भोजन करने से पहले हाथों को साबुन से अच्छी तरह साफ करने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि हाथों की स्वच्छता कई संक्रमण और बीमारियों से बचाव का आसान तरीका है।
स्थानीय लोगों से भी अपने घर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गयी।
कचरा डस्टबिन में डालने का संदेश
जागरूकता कार्यक्रम में लोगों से सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा नहीं फेंकने को कहा गया। नगर परिषद की ओर से उपलब्ध करायी जा रही कचरा संग्रहण व्यवस्था का इस्तेमाल करने की अपील की गयी।
लोगों से कहा गया कि घर का कचरा नियमित रूप से कचरा उठाने वाली गाड़ी को दें, ताकि वार्ड में गंदगी और जलजमाव की समस्या को कम किया जा सके।
स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी सिर्फ नगर परिषद की नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। लोगों से स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की गयी।
बच्चों और स्थानीय लोगों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
कार्यशाला में बच्चों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सुनीता सिंह, जयप्रकाश सिंह, आकाश सिंह, शांति कुमारी, अंजू देवी, विक्की राम, करण, मंगली, रोशन और संतु समेत बड़ी संख्या में बच्चे व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



