राजमहल: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजमहल में प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को एसडीओ सदानंद महतो ने राजमहल प्रखंड की पूर्वी नारायणपुर पंचायत के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीओ ने पंचायत के कॉलोनी नंबर 1, 2 और 3 में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और जलजमाव सहित अन्य परेशानियों की जानकारी ली। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री भी वितरित की गयी।
जलजमाव और पेयजल की स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने प्रभावित इलाकों में जलजमाव, आवागमन और पेयजल की उपलब्धता समेत अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।
एसडीओ सदानंद महतो ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।
स्वास्थ्य टीम ने की ग्रामीणों की जांच

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करायी गयीं।
एसडीओ सदानंद महतो ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वयं भी स्वास्थ्य जांच करायी। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से प्रभावित इलाकों में लोगों की स्वास्थ्य स्थिति और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
जलजनित बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों की जांच के साथ जरूरत के मुताबिक दवाएं भी दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए लोगों को साफ पानी का इस्तेमाल करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्यकर्मी या चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की गयी।
बाढ़ के पानी से दूर रहने की सलाह
एसडीओ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिना जरूरत बाढ़ के पानी में न जाएं और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया।
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं की निगरानी लगातार जारी रखने की बात कही है।
मौके पर राजस्व उपनिरीक्षक ब्रह्मदेव मंडल, अंचल अमीन मो. करीम, मुखिया प्रतिनिधि फटीक सरकार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।



