स्मार्ट सिटी के पास ब्राउन शुगर की 4000 पुड़िया, 9100 रुपये और तीन वाहनों के साथ चार युवक गिरफ्तार. पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना का पता लगाने में जुटी.
रांची. धुर्वा पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया. इनके पास से ब्राउन शुगर की चार हजार पुड़िया, चार मोबाइल, 9,100 रुपये नकद और तीन वाहन बरामद किये गये हैं. पुलिस गिरोह के नेटवर्क और मुख्य सरगना का पता लगाने में जुटी है.
एसएसपी को मिली सूचना पर स्मार्ट सिटी के पास छापेमारी
एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना पर धुर्वा पुलिस की टीम ने स्मार्ट सिटी के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के समीप छापेमारी की. पुलिस को देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने चारों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक ब्राउन शुगर बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपियों में जगन्नाथपुर और सिठियो के युवक शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में जगन्नाथपुर के एकता नगर निवासी अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा, अंकित तिवारी और सिठियो निवासी रितिक राज उर्फ विभू शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, रितिक के खिलाफ डोरंडा थाना, पुंदाग ओपी और तिलैया थाना में पहले से एक-एक मामला दर्ज है.
मोबाइल की कॉल डिटेल और चैट खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल और चैट खंगाल रही है. इसके जरिये ब्राउन शुगर के सप्लायरों, खरीदारों और मुख्य सरगना तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है, ताकि ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके.



