साहिबगंज। सदर अस्पताल साहिबगंज के सभागार में सिविल सर्जन की अध्यक्षता में नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह (15 से 21 नवंबर) एवं विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जागरूकता सप्ताह (18 से 24 नवंबर) के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों एवं जिला स्वास्थ्य टीम के सदस्यों ने भाग लिया। सिविल सर्जन ने नवजात शिशुओं की उचित देखभाल, समय पर स्तनपान, स्वच्छता और संक्रमण से बचाव पर जोर दिया। वहीं, लोगों से बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन नहीं करने की अपील की। डॉ. फरोग हसन ने नवजात की सुरक्षा, संक्रमण की रोकथाम, एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग और अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल से दवाओं का असर कम हो सकता है। मौके पर डॉ. अमित, डीपीएम, डीडीएम, डीपीसी, डीडीएम-आईडीएसपी, अभय, अमन, विष्णु सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।



