—– खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को किया जागरूक, रासायनिक खादों के संतुलित इस्तेमाल पर दिया जोर
बरहरवा/साहिबगंज: खेती की लागत कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में बरहरवा प्रखंड के 105 किसानों के बीच मसूर बीज का वितरण किया गया।
इस दौरान किसानों को बताया गया कि खेतों की उर्वरता बनाए रखने के लिए डीएपी और यूरिया जैसे रासायनिक उर्वरकों का अंधाधुंध इस्तेमाल करने से बचना जरूरी है। किसानों को मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार संतुलित मात्रा में खाद का प्रयोग करने तथा खेती में वैकल्पिक फसलों को अपनाने की सलाह दी गई। मसूर की खेती को प्रोत्साहित करना भी इसी प्रयास का हिस्सा है। कृषि कर्मियों ने किसानों से मिट्टी की सेहत को प्राथमिकता देते हुए टिकाऊ खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संतुलित उर्वरक उपयोग और वैकल्पिक फसलों को अपनाकर खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बरकरार रखी जा सकती है। मौके पर बीटीएम अनवारुल अंसारी, एटीएम प्रतिभा कश्यप, हिमांशु महतो सहित अन्य कृषक मित्र मौजूद थे।



