छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मालदा टाउन और शकूरबस्ती के बीच विशेष ट्रेन चलाई गई है, जिससे बरहरवा समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. जानें समय-सारिणी.
बरहरवा. छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मालदा टाउन और शकूरबस्ती के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इस ट्रेन के परिचालन से बरहरवा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में ट्रेन के परिचालन, समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी दी गयी है.
10 नवंबर को मालदा टाउन से खुलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03439 मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल 10 नवंबर (मंगलवार) को सुबह 10 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन शाम 5 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी.
11 नवंबर को शकूरबस्ती से होगी वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 03440 शकूरबस्ती-मालदा टाउन स्पेशल 11 नवंबर (बुधवार) को शाम 6:50 बजे शकूरबस्ती से रवाना होगी. यह ट्रेन तीसरे दिन शुक्रवार को रात 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी.
बरहरवा समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर सहित अन्य स्टेशनों पर रुकेगी. इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा.
जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच रहेंगे उपलब्ध
रेलवे की ओर से इस ट्रेन में जनरल सेकंड क्लास, स्लीपर क्लास और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध कराये जायेंगे. ट्रेन संख्या 03439 की बुकिंग शुरू होने की तिथि की घोषणा रेलवे की ओर से जल्द की जाएगी.



