बरहेट/साहिबगंज। बरहेट प्रखंड में कालाजार की स्थिति का जायजा लेने बुधवार को केंद्रीय एंटोमोलॉजी टीम ने पकड़ीगोड़ा एवं बाबूपुर गांव का दौरा किया। टीम ने चिन्हित कालाजार मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उनके लक्षण, पूर्व उपचार और वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
टीम में केंद्रीय कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मुबाशिर हुसैन, मलेरिया निरीक्षक विजय पाल सिंह एवं पवन कुमार शामिल रहे। जिला स्तर से जिला वीबीडी सलाहकार डॉ. सती बाबू डाबड़ा और एफएलए मुशाहिद मौजूद रहे। वहीं डब्ल्यूएचओ के दिनेश गुप्ता तथा पीरामल संस्था के दीपक कुमार भी टीम के साथ रहे।

दौरे के दौरान मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार की समीक्षा की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कर्मकार सहित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। विभाग ने ग्रामीणों से लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।



