Arms License Suspended: मुजफ्फरपुर के मो. अली असगर का आर्म्स लाइसेंस एक ही लाइसेंस पर दो राज्यों से हथियार खरीदने और तथ्य छिपाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
मुजफ्फरपुर। Kanti Police Action: जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित दामोदरपुर निवासी मो. अली असगर का आर्म्स लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह सख्त कार्रवाई शस्त्र लाइसेंस से संबंधित तथ्यों को छिपाने और लाइसेंस की शर्तों के घोर उल्लंघन के आरोप में की गई है।
कांटी थाने के पुलिस अवर निरीक्षक बिदुर कुमार की रिपोर्ट के आधार पर दीमापुर (नगालैंड) के पुलिस आयुक्त ने यह कदम उठाया है।
एक लाइसेंस दो आर्म्स
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार मो. अली असगर ने एक ही आर्म्स लाइसेंस का उपयोग करके नगालैंड के साथ-साथ बिहार से भी शस्त्र खरीद लिया था।
आरोपी अली असगर के खिलाफ पूर्व से ही कांटी थाना में आपराधिक मामला दर्ज है। इस पूरे फर्जीवाड़े के मामले को सबसे पहले दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
तथ्य छिपाने पर कार्रवाई
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि आरोपी ने एक ही लाइसेंस पर दो अलग-अलग राज्यों से आर्म्स ले रखे थे। उसने इस संबंध में जिला दंडाधिकारी, लाइसेंसिंग प्राधिकार या संबंधित पुलिस थाने को कोई जानकारी नहीं दी थी।
इसे आर्म्स एक्ट का उल्लंघन मानते हुए प्राधिकार ने अगले आदेश तक लाइसेंस निलंबित कर शस्त्र जब्त करने का आदेश दिया है।
30 दिनों में जवाब
कार्रवाई के तहत अली असगर को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 30 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का समय दिया गया है।
नोटिस में पूछा गया है कि नियम उल्लंघन के लिए उनका आर्म्स लाइसेंस पूरी तरह रद्द क्यों न कर दिया जाए। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस को अंतिम रूप से रद्द कर दिया जाएगा।



