बिचकानी गांव के पास बिना नंबर प्लेट का बोलेरो पिकअप भी पकड़ा, चालक मौके से फरार
बरहेट/साहिबगंज। वन क्षेत्र बरहेट अंतर्गत बिचकानी गांव के समीप वन विभाग ने शनिवार की रात अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26 बोटा सेमल लकड़ी लदे एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि वन क्षेत्र से लकड़ी काटकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने रात करीब 11 बजे बिचकानी गांव के पास अभियान चलाया।

वनकर्मियों को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागा
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम को देखते ही वाहन चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। वनकर्मियों ने वाहन की जांच की तो उसमें 26 बोटा सेमल की लकड़ी लदी मिली। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। इसके बाद वाहन और लकड़ी को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में ले लिया गया।
वन विभाग के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अवैध कटाई और लकड़ी के परिवहन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई प्रधान वनरक्षी अमित कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में वनकर्मी शेखर कुमार, भोला कुमार सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग ने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध पातन और लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



