गाय को बचाने के दौरान हुआ हादसा, समाचार भेजे जाने तक नहीं मिला कोई सुराग
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट प्रखंड के जमालपुर गांव में शुक्रवार को सूड़ी नदी में एक 40 वर्षीय व्यक्ति के डूबने का मामला सामने आया है। लापता व्यक्ति की पहचान मेघराय हेंब्रम के रूप में हुई है। शनिवार को एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। समाचार भेजे जाने तक मेघराय हेंब्रम का पता नहीं चल सका था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह मेघराय हेंब्रम गाय चराने के लिए सूड़ी नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी एक गाय फिसलकर नदी में बने क्रॉस बांध से नदी में गिर गई। पानी का तेज बहाव होने के कारण गाय नदी से बाहर नहीं निकल पा रही थी। गाय को बचाने के लिए मेघराय नदी में कूद पड़े। बताया गया कि इसी दौरान वह भी पानी की तेज धार की चपेट में आकर बह गए और नदी से बाहर नहीं निकल सके।
घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि नदी में गिरी गाय को ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया। शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी प्रखंड प्रमुख सह झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष बर्नार्ड मरांडी को दी। इसके बाद प्रमुख के माध्यम से मामले की जानकारी प्रशासन को दी गई।
प्रशासन को सूचना मिलने के बाद शनिवार को एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और लापता मेघराय हेंब्रम की तलाश शुरू की। टीम द्वारा नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। समाचार भेजे जाने तक लापता व्यक्ति बरामद नहीं हो सका था।



