बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण धनबाद सहित झारखंड में अगले पांच दिनों तक मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।
धनबाद। धनबाद समेत राज्य के अधिकतर भागों में अगले पांच दिन मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश की संभावना है। बुधवार को धनबाद में तेज आंधी के साथ भारी वर्षा हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के अगले 24 घंटे के दौरान डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है। उसके बाद के 24 घंटे के दौरान और तीव्र होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से 26 सितंबर तक झारखंड के अधिकांश स्थानों से लेकर सभी स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 22 से 26 के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं। 23 से डिप डिप्रेशन के कारण अधिकतम 60 कमी किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश की गतिविधि बढ़ने से तापमान में गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री से लुढ़क कर 29 डिग्री तक पहुंच सकता है।
वज्रपात को लेकर बरतें सतर्कता, निचले हिस्से में अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम केंद्र रांची ने वज्रपात को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कंक्रीट के फर्श पर न रहने, गर्जन के दौरान बाहर न निकलने, जलस्रोतों से बाहर निकल जाने व पेड़ के नीचे खड़े न रहने का सुझाव दिया है।
अत्यधिक बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव तथा नदी-जलाशयों में जलस्तर बढ़ने से अचानक आनेवाली बाढ़ का खतरा हो सकता है। खेतों में जल भराव से धान व सब्जियों को नुकसान पहुंच सकता है। इसे लेकर पहले से तैयारी कर लें।



