लोहे की सब्बल ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से सटी, मौके पर गई जान
बरहरवा/साहिबगंज। रांगा थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव में सोमवार को 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 55 वर्षीय धानो हांसदा की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार धानो हांसदा लोहे की सब्बल लेकर खेत में चूहा मारने के लिए गए थे। वे खेत की मेड़ पर सब्बल से खुदाई कर चूहे को खोज रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से लोहे की सब्बल संपर्क में आ गई, जिससे उन्हें करंट का जोरदार झटका लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, बरहरवा प्रभाग के बिजली विभाग के सहायक अभियंता सत्यम मरांडी ने बताया कि घटना की जानकारी विभाग को मिली है। मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल किसी प्रकार का लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



