पानी घटते ही नगर परिषद ने शुरू किया चूना व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव
साहिबगंज। बाढ़ का पानी कम होने के बाद साहिबगंज नगर परिषद ने प्रभावित वार्डों और मोहल्लों में स्वच्छता एवं संक्रमण रोकथाम को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। नगर परिषद कर्मियों की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ के बाद जलजमाव और नमी वाले क्षेत्रों में संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए नगर परिषद की टीम प्रतिदिन प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर रही है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद उत्पन्न परिस्थितियों में संक्रमण के खतरे को कम करना और लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है। यह अभियान आवश्यकता के अनुसार लगातार जारी रहेगा।
नगर परिषद ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलजमाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा गंदगी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या की सूचना नगर परिषद को देने की अपील की है।



