वासेपुर (धनबाद)। Gangs of Wasseypur: वासेपुर में सोमवार को दिन के करीब 11 बजे दो बाइक सवार अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान को लक्ष्य कर अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में सानू के साथ ही दूध विक्रेता सद्दाम और एक महिला ग्राहक को गोली लगी है।
दुबई से गिरोह का संचालन कर रहा प्रिंस खान
फहीम खान के बेटे इकबाल खान ने घटना के पीछे बदमाश प्रिंस खान का हाथ होने का आरोप लगाया है। उसने कहा है-प्रिंस खान, उसके भाई और उसके सहयोगी आतंकवादी जैसी हरकत कर रहे हैं। पाकिस्तान में बैठकर वह झारखंड के धनबाद और वासेपुर में अपना दहशत कायम करना चाहता है। इसी साजिश के तहत इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है।
फहीम खान की काफी उम्र हो चुकी है। वह जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में है। वहीं, प्रिंस खान के बारे में कहा जाता है कि वह वासेपुर से भागकर दुबई जा पहुंचा है। वह दुबई से पाकिस्तान आता-जाता रहता है। वहीं से गिरोह का संचालन कर रहा है। प्रिंस खान के भाई को एनकाउंटर करने की मांग की थी
कुछ दिन पहले धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के बडे़ भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने बंटी खान का वासेपुर में परेड कराया। इस दाैरान इकबाल खान ने बंटी खान को आतंकवादी बताते हुए एनकाउंटर की मांग की थी।
सोमवार को वासेपुर के भूली मोड़ में फायरिंग की घटना के बाद इकबाल खान ने कहा है-इस घटना की पूरी रेकी प्रिंस खान के पिता नासिर खान ने की है। वह काफी दिनों से भूली मोड़ पर शानू खान के बारे में पूछताछ कर रहा था। इसके बाद उसके शूटरों ने घटना को अंजाम दिया।इकबाल ने कहा- हम लोगों को धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस की कानून-व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि ऐसे आतंकवादी प्रवृत्ति वाले अपराधियों पर लगाम कसी जाएगी और जल्द से जल्द उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।



