दरभंगा के मब्बी चौक पर दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई, जिसमें छह छात्र घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने पर छात्र मौके से फरार हो गए, मामले की जांच जारी है और कॉलेज प्रशासन ने इसे परिसर के बाहर की घटना बताया है।
दरभंगा। Darbhanga Engineering College Clash: मब्बी थाना क्षेत्र के मब्बी चौक स्थित एक चाय दुकान के पास दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई।
यह घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। अचानक हुई इस मारपीट की घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
बताया जाता है कि दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के कुछ छात्र मब्बी स्थित एक लॉज में रहकर पढ़ाई करते हैं। शनिवार शाम को उनमें से कुछ छात्र मब्बी चौक स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंचे थे। वहां छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर अचानक कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान छात्रों ने एक-दूसरे पर जमकर लप्पड़-थप्पड़ और बेल्ट का प्रयोग किया। इस हिंसक झड़प में कुल छह छात्रों के चोटिल होने की सूचना मिली है।
घटना की जानकारी मिलते ही मब्बी थाने की पुलिस टीम सदलबल मौके पर पहुंची। पुलिस बल को घटनास्थल की ओर आता देख मारपीट में शामिल सभी छात्र मौके से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति पर काबू पाया जा सका और मामला शांत हुआ।
इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि कॉलेज परिसर के अंदर कोई मारपीट नहीं हुई है। यह घटना पूरी तरह से कॉलेज के बाहर की है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। कॉलेज प्रशासन को किसी छात्र की ओर से अभी शिकायत नहीं मिली है, शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीपीओ सदर एसके सुमन ने बताया कि छात्रों ने आपस में ही किसी बात को लेकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किस वजह से छात्रों के बीच यह विवाद हुआ। एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और फिलहाल घटनास्थल व कॉलेज के आसपास स्थिति सामान्य है।



